अंबाला सिटी। कोरोना से संक्रमित नारायणगढ़ निवासी 91 वर्षीय बुजुर्ग महिला की शुक्रवार को मौत हो गई। दूसरी ओर, 42 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। राहत की बात यह है कि प्रतिदिन आ रहे नए संक्रमितों से ज्यादा लोग ठीक हो रहे हैं। शुक्रवार को भी 108 लोग कोरोना से पूरी तरह ठीक हुए हैं। अब सक्रिय मामले मात्र 384 रह गए हैं।
शुक्रवार को मिले नए मरीजों के बाद कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 40 हजार 514 हो गई। वहीं कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या बढ़कर ठीक 39 हजार 593 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में अभी तक कुल 537 लोग कोरोना के कारण जान गंवा चुके हैं। दूसरी ओर, स्वास्थ्य विभाग की ओर से सैपलिंग की प्रक्रिया भी तेजी के साथ की जा रही है। विभाग की ओर से अभी तक कुल आठ लाख 27 हजार 107 सैंपल लिए गए हैं। इनमें सात लाख 41 हजार 388 आरटीपीसीआर तो 85 हजार 719 सैंपल एंटिजन किट से शामिल हैं। विभाग का कहना है कि उनकी ओर से सैंपलिंग की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।
यहां मिले नए संक्रमित
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार शहर से 12, छावनी से 10, चौड़मस्तपुर से चार, शहजादपुर से नौ, बराड़ा से पांच, मुलाना से दो लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इनमें दो सरकारी कर्मचारी, 12 से 18 वर्ष के बीच के दो बच्चे शामिल हैं। राहत की बात यह है कि नारायणगढ़ से नया संक्रमित मरीज नहीं मिला है।
23 मरीज अस्पतालों में दाखिल
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस समय कुल 23 कोरोना संक्रमित मरीज अस्पतालों में दाखिल हैं। 11 मरीज निजी तो 12 मरीज सरकारी अस्पताल में उपचार करवा रहे हैं। एक मरीज आईसीयू में भर्ती है, जबकि तीन मरीजों का ऑक्सीजन सपोर्ट पर इलाज चल रहा है। सक्रिय मामलों में से 361 लोग होम आइसोलेशन में हैं।
4735 को लगा बचाव का टीका
कोविन पोर्टल के अनुसार जिले में शुक्रवार को कुल चार हजार 735 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया है। इसके अलावा 268 लोगों को बूस्टर डोज लगाई गई है। वहीं विभाग अभी तक कुल 19 लाख 85 हजार 982 लोगों का टीकाकरण कर चुका है। इनमें 10 लाख 21 हजार 323 को पहली तो नौ लाख 52 हजार 848 दूसरी डोज शामिल हैं। वहीं अभी तक कुल 11 हजार 811 बूस्टर डोज लगाई गई है।
कोरोना के नए मामले चाहे कम हो रहे हैं, मगर कोरोना अभी भी घातक है। आए दिन कोरोना के कारण लोगों की जान जा रही है। कोरोना से बचाव के लिए सभी को स्वयं सुरक्षा रखनी पड़ेगी।
-डॉ. कुलदीप सिह, सीएमओ, अंबाला।