अंबाला। तू निश्चय तो कर कदम तो बढ़ा, निकल आएगा कोई रास्ता का नारा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं हरियाणा राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो प्रमुख श्रीकांत जाधव ने दिया है। वे चाहते हैं कि नशे से ग्रस्त लोगों का उपचार कराया जाए, ताकि वे सामान्य नागरिक की तरह जीवन व्यतीत कर सकें। उन्होंने एक हेल्पलाइन नंबर 9050891508 जारी किया है। इस पर गुप्त सूचना देने के साथ ही नशा छोड़ने वाले व्यक्ति संपर्क कर सकते हैं।
उनके दिशा-निर्देशों पर बुधवार को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अंबाला में 23वीं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें ब्यूरो के उप निरीक्षक व पुनर्वास प्रभारी डॉ. अशोक कुमार वर्मा मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे। उन्होंने बताया कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधी सुधर जाएं, अन्यथा परिणाम भुगतने को तैयार रहें। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को पथभ्रष्ट नहीं होने दिया जा सकता।
डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने आगे एक कविता के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त हो भारत मेरा ऐसी सोच बनानी है, नशे से ग्रस्त हो रही युवा पीढ़ी सबको मिलकर बचानी है, है सच्चाई नशा बुराई यह बात जन-जन तक पहुंचानी है। इस अवसर पर थाना छावनी प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार, प्रयास कार्यकारिणी सदस्य मनीषा टंडन, जगदीश गहलोत, ऋषिपाल भौरिया, कर्ण कुमार, सुनील कुमार आदि उपस्थित रहे।
नशा न करने का लिया वचन
कार्यक्रम के अंत में डॉ. अशोक कुमार ने मौजूद विद्यार्थियों से वचन लिया कि वे जीवन में किसी भी प्रकार का नशा नहीं करेंगे और अन्य लोगों को भी नशा न करने के लिए प्रेरित करेंगे। प्राचार्य दीपेश ने कहा कि नशा छुड़ाने का अभियान वंदनीय है। इसके परिणामस्वरूप अल्प समय में 17 युवा नशा मुक्त हुए हैं।