नागरिक अस्पताल में विलाप करते मृतक के परिजन।संवाद
- फोटो : Ambala
पॉलीटेक्निक कालेज चौक के पास ट्रक की टक्कर से रविवार सुबह एक्टिवा सवार बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी बहू गंभीर रूप से घायल हो गई। पीकेआर जैन गर्ल्स स्कूल के पास साइड लगने से पलटी एक्टिवा के पीछे बैठी महिला के सिर से टायर गुजर गया था। दोनों महिलाएं गुरुद्वारे में माथा टेकने के बाद दोनों खरीदारी करने के लिए बाजार जा रहीं थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामे के बाद रविवार देर शाम शव का पोस्टमार्टम कराया। वहीं घायल रजनी रानी की शिकायत पर पटियाला वासी ट्रक चालक दीदार सिंह पर तेजरफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में केस दर्ज किया गया।
रजनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति दमनदीप विदेश में रहते हैं। वह घर में सास कमलेश कौर के साथ रहती है। सुबह दोनों पंजोखरा साहिब गुरुद्वारे में माथा टेकने गए थे। घर लौटने के बाद वे दोनों बाजार से खरीदारी करने चल दिए। वह एक्टिवा चला रही थी जबकि सास पीछे बैठी थी। पॉलीटेक्निक कालेज से थोड़ा पहले स्कूल के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी एक्टिवा में टक्कर मार दी। संतुलन खोने से एक्टिवा समेत दोनों नीचे गिर गए। इस दौरान कमलेश कौर के सिर से ट्रक का टायर गुजर गया और उसने वहीं दम तोड़ दिया। लोगों ने घायल को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। बलदेव नगर थाना प्रभारी बलबीर सिंह के अनुसार सड़क हादसे में महिला की मौत और उसकी बहू घायल हुए हैं।
-------------------------
आधे घंटे तक सड़क के बीचोंबीच पड़ा रहा शव
ट्रक चालक डारियां गांव निवासी दीदार सिंह का कहना था कि कई दिनों मोटर मार्केट में उसका ट्रक खड़ा था और वह रविवार को तिरपाल उठाने के लिए अनाजमंडी पहुंचाना था। पीकेआर जैन स्कूल के पास हादसा हो गया। हादसे के बाद महिला का शव करीब आधे घंटे तक सड़क के बीच पड़ा रहा। पुलिस के शव वाहन का इंतजार करते रहे। नहीं आने पर एंबुलेंस से शव को अस्पताल में रखवाया।
-------------