अंबाला। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय शाखा दयालबाग शांति धाम में वार्षिक थीम 2022-23 दया एवं करुणा के लिए आध्यात्मिक सशक्तिकरण के शुभारंभ समारोह पर चुनौतियों और संकट में नेतृत्व के विषय पर सेमिनार हुआ। इसका आयोजन ब्रह्माकुमारी संस्था, हेड क्वार्टर माउंट आबू के निर्देशानुसार हुआ। इसमें बीके गौरव ने गीत और कुमारी साक्षी ने सुंदर नृत्य द्वारा व बहनों ने सबके मस्तक पर चंदन का तिलक लगाया।
राजयोगिनी बीके शैली बहन ने मंच संचालन किया। मुख्य वक्ता प्रो. पंडियामानी पीएचडी, डायरेक्टर वैल्यू एजुकेशन प्रोग्राम माउंट आबू ने विचार रखते हुए कहा कि आज की भागदौड़ वाली दुनिया में अगर हम किसी से पूछते हैं कि हमें जीवन में क्या चाहिए तो इसका उत्तर मूल्यों की प्राप्ति की चाह होता है। हर किसी को जीवन में सच्ची सुख-शांति प्रेम, आनंद और शक्तियां चाहिए। हम अज्ञानता के कारण सच्ची सुख-शांति से वंचित रह जाते हैं। सच्ची शांति हमें परमात्मा के नजदीक रहकर ही मिल सकती है।
ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के इंटरनेशनल स्पीकर चार्टर्ड अकाउंटेंट राजयोगिनी सपना बहन ने विचार रखते हुए कहा कि जो होना है वह अचानक होगा। इसलिए हमें जीवन की हर परिस्थिति में हमेशा तैयार रहना है। मुख्यातिथि डॉ. एडी गांधी ने कहां कि आज समाज को जिस प्रेम, सुख व शांति की आवश्यकता है उसकी प्राप्ति कराने का संस्था का कार्य सराहनीय है। इस अवसर पर एडवोकेट कमलेश गुप्ता, धीरज सूद, रोटरी प्रधान इंद्रजीत गुगलानी, अनिल वर्मा, नरेश भारद्वाज, कर्नल आरडी सिंह, कर्नल सुरेश शर्मा, डॉ. एमएम दत्ता, डॉ. जेएस सिद्धू, अनिता शर्मा, सीमा दत्ता, अशोक बब्बर, प्राणनाथ शर्मा मौजूद रहे।