वार्ड नंबर दस के कलाल माजरी में कॉलोनी के बीच चल रहे सरकारी स्कूल के मुख्यद्वार पर अवैध पार्किंग बनी हुई है। मुख्यद्वार के दोनों ओर गाड़ियों की लाइन लगी रहती है। इस कारण स्कूली बच्चे व कॉलोनीवासी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। बच्चों के सामने सबसे बड़ी समस्या स्कूल में प्रवेश करने की होती है। कुछ बच्चों के अभिभावक बच्चों को स्कूल छोड़ने पहुंचते हैं। वह अभिभावक ही अपने बच्चों को इधर-उधर से उठाकर स्कूल में प्रवेश करवाते हैं।
स्कूल के अध्यापकों को भी मालूम नहीं होता कि यह गाड़ी किसकी है। बच्चों को स्कूल में प्रवेश करवाना या छुट्टी के दौरान स्कूल से बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि चौक के बीच बनी अवैध पार्किंग के कारण पूरे मोहल्ले को परेशानी होती है। यदि किसी को यहां गाड़ी खड़ी न करने को कहा जाए तो चालक झगड़ा करने लगते हैं।
दुकानदारी करने में भी परेशानी हो रही है। कॉलोनी की गलियां छोटी होने के कारण गाड़ी आगे नहीं जा सकती। इसलिए यहां गाड़ी खड़ी करके चले जाते हैं। इसी कारण आमजन को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
- अमित दुआ, दुआ स्वीट्स संचालक।
स्कूल के सामने ही अवैध पार्किंग बना दी गई है। सभी कॉलोनी वासी परेशान हैं। लोगों के घरों तक वह गाड़ियां नहीं पहुंच सकती। इसलिए वह यहां चौक के बीच ही अपनी गाड़ियां लगाकर चले जाते हैं।
- अशोक शास्त्री, स्थानीय निवासी कलाल माजरी।
यहां से कुछ दूरी पर एक प्राइवेट पार्किंग बनी हुई है। वहां पर मंथली पैसे देने पड़ते हैं। इसलिए यह लोग पार्किंग में नहीं जाते और यहां चौक के बीच गाड़ी लगाकर सभी मोहल्लावासियों को परेशान कर रहे हैं।
- राजेश शर्मा, स्थानीय निवासी कलाल माजरी।
दोपहिया वाहन भी यहां से निकल नहीं सकता। यदि कोई रात के समय इस चौक पर आ जाए तो यहां से पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। डोर टू डोर कूड़ा लेने वाले भी इस पार्किंग के कारण आगे नहीं जा पाते।
- राकेश शर्मा, स्थानीय निवासी कलाल माजरी।
स्कूल के सामने बनी पार्किंग की समस्या आसपास के लोगों ने ही पैदा की है। जोकि सही नहीं है। इसके लिए मोहल्लावासियों को सहयोग करना चाहिए। कुछ लोगों को मौखिक रूप से कहा गया था। जल्द ही पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर इस समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।
- मिथुन वर्मा, पार्षद वार्ड नंबर दस।
पुलिस चौकी नंबर दो को एक लिखित शिकायत दी थी। इस पर आजतक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। पुलिस शिकायत के बाद वार्ड नंबर दस के पार्षद मिथुन वर्मा को भी कुछ दिन पहले मौके पर बुलाया गया था। जहां पर उनको पूरी स्थिति से अवगत करवाया गया था। बहरहाल समस्या बरकरार है।
- प्रीती स्कूल इंचार्ज, सरकारी प्राइमरी स्कूल पांच बी।
स्कूल के सामने बनी अवैध पार्किंग को लेकर किसी प्रकार की शिकायत मेरे पास नहीं आई है। यदि कोई लिखित शिकायत पुलिस चौकी नंबर दो में आएगी, तो अवैध पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई कर दी जाएगी।
- नवतेज सिंह, प्रभारी चौकी नंबर-2