गांव डेरा की कच्ची सड़क में अवैध खनन करने के मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस में दर्ज कराई अपनी प्राथमिकी में खनन एवं भू विज्ञान विभाग अंबाला के अधिकारी राजकुमार ने कहा है कि विभाग के खनन रक्षक संजीव कुमार ने 17 मई को गांव डेरा (कच्ची सड़क) में अवैध खनन का निरीक्षण कर एक रिपोर्ट दी थी।
इसमें दर्शाया गया था कि गांव डेरा कच्ची सड़क में पुराने गड्ढों में ताजा अवैध खनन(ग्रेवल्ज) निकाला पाया गया। 4 कनाल भूमि में लगभग 11 फीट की गहराई तक खुदाई की गई थी। भू विज्ञान अधिकारी के अनुसार पूछताछ करने पर पता चला था कि यह अवैध खनन गांव संगराणी के एक व्यक्ति और वहीं पर स्थित एक स्क्रीनिंग प्लांट के मालिक द्वारा जेसीबी मशीन व टिप्परों की सहायता से किया गया है। खनन के बाद कुछ खनिज को तो हंडेसरा क्रैशर जोन और कुछ को शाहपुर के स्क्रीनिंग प्लांट पर प्रयोग किया गया। खनन अधिकारी ने कहा कि इस बारे दोनों लोगों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया था लेकिन नहीं दिया गया। पुलिस ने भू विज्ञान एवं खनन अधिकारी के बयान पर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।