अंबाला कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड एप्लाइड रिसर्च (एसीई) देवस्थली मीठापुर और रेमोटोस प्राइवेट लिमिटेड ने शनिवार को एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। दोनों पक्षों के बीच समझौता ज्ञापन से कौशल आधारित प्रशिक्षण, अनुसंधान और विकास पर आधारित शिक्षा, औद्योगिक दौरे, विशेषज्ञ व्याख्यान और रोजगार के क्षेत्र में मदद मिलेगी। ये जानकारी कॉलेज के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी अजय पाल सिंह ने दी।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कमल कुमार शर्मा ने समझौता ज्ञापन में प्रथम और रेमोटोस प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर शलन अरोड़ा ने द्वितीय पक्ष के रूप में प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान रेमोटोस प्राइवेट लिमिटेड से अनीता राणा और एसीई से 2011 में पास आउट मैकेनिकल इंजीनियर हरदीप सिंह भी मौजूद रहे। कॉलेज में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन के विभागाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार आनंद के अनुसार इलेक्ट्रिक इंजन भी अपने निर्माण के दौरान कार्बन का उत्सर्जन करते हैं लेकिन फिर भी वे गैर- इलेक्ट्रिक वाहनों की तुलना में चल रहे कार्बन उत्सर्जन को लगभग 100 प्रतिशत तक कम कर देते हैं। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कमल कुमार शर्मा ने बताया कि ईवी उद्योग भविष्य के सबसे आशाजनक उद्योगों में से एक है। इस अवसर पर कॉलेज के डीन अकेडमिक्स डॉ. मुकेश कुमार, रजिस्ट्रार ग्रुप कप्तान सीएस शर्मा आदि मौजूद रहे।
---------