अंबाला। चोरी की बाइक बेचने की फिराक में घूम रहे दो आरोपियों को पुलिस ने बाइक सहित गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ थाना शहर में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कोर्ट में पेश कर आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लिया है। उनकी पहचान ठाकुर कपूर निवासी नजदीक बाल भारती स्कूल दुर्गानगर अंबाला वर्तमान पता किराएदार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी बलदेव नगर व गुरप्रीत सिंह उर्फ गुरी निवासी गांव मंडौर के तौर पर हुई।
एंटी व्हील थैप्ट सेल अंबाला के पुलिस दल को सूचना मिली थी कि दो युवक चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। पुलिस ने पुराना सरकारी अस्पताल चौक शहर के पास संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी। इस के दौरान पुलिस को मोटरसाइकिल सवार दो युवक आते हुए दिखाई दिए जो पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। बाइक के कागजात मांगने पर नहीं दिखा पाए।