अंबाला। गांव धनाना में सोमवार शाम को तीन माह की गर्भवती महिला संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई। परिजन पड़ोसियों की मदद से महिला को धनाना अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से महिला की बिगड़ती हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे छावनी के नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया। करीब 80 से 90 प्रतिशत तक झुलसने के कारण कोई सुधार नहीं होता दिखा तो डॉक्टर अमित ने महिला को चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
डॉ. अमित का कहना कि महिला के शरीर में से मिट्टी के तेल की दुर्गंध आ रही थी। मामला संदिग्ध होने के कारण पुलिस को बताया गया है। महिला 80 से 90 प्रतिशत तक झुलस गई है। महिला की पहचान 23 वर्षीय भारती के रूप में हुई है। पति गुरविंद्र ने बताया कि वह ईंट-भट्ठे पर काम करता है। एक साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसकी पत्नी तीन माह की गर्भवती है। वह काम पर था और पत्नी घर पर थी। पड़ोसियों से फोन पर सूचना मिली थी घर के बाहर ही पत्नी जलती हुई अवस्था में मिली। पास ही कूड़े के ढेर में आग लगी हुई थी। आग कपड़ों में लगी और पत्नी बूरी तरह से झुलस गई। गनीमत यह रही कि पड़ोसियों ने समय रहते आग पर काबू पाया और उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाका पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।