वैक्सीन की दोनों डोज न लगवाने वालों के चालान करती टीम।
- फोटो : Ambala
अंबाला सिटी। कोरोना टीकाकरण प्रमाणपत्र जांच को लेकर प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। प्रशासन की ओर से रविवार को नगर निगम, नगर परिषद् व पुलिस की टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। इन टीमों ने शहर के अग्रसेन चौक, मानव चौक, पॉलीटेक्निक चौक, जगाधरी गेट, बलदेव नगर, छावनी में सदर बाजार, कच्चा बाजार व अन्य कई भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों के कोरोना टीकाकरण प्रमाणपत्र की जांच की। इन टीमों ने लोगों से कोरोना रोधी टीके की दूसरी डोज अनिवार्य रूप से लगाने को कहा।
कई जगहों पर नियमानुसार चालान की कार्रवाई भी की गई। इस दौरान जिन लोगों ने दोनों डोज नहीं लगवाई थी, उनका चालान भी किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर केवल दोनों डोज लगा चुके लोगों को ही अनुमति है। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों से केवल दोनों डोज ले चुके लोगों को ही आने जाने की अनुमति होगी। जिन लोगों ने कोरोनारोधी टीके की दोनों डोज नहीं ली है उनके लिए सार्वजनिक स्थानों पर जाने पर रोक है। इसमें सब्जीमंडी, बार, रेस्तरां, अनाज मंडी, डिपार्टमेंटल स्टोर, लीकर एंड वाइन शॉप, मॉल्स, शॉपिंग कॉम्प्लैक्स, सिनेमा हॉल इत्यादि स्थानों पर आवाजाही पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह कोरोना टीकाकरण का प्रमाण पत्र अपने पास रखें, ताकि चेकिंग दौरान लोग उसे दिखा सके।