चोरों ने दर्जियां वाला चौक स्थित ज्वेलरी की दुकान से लाखों रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना सुबह करीब 4 से साढ़े 4 बजे की बीच की है। बग्गा ज्वैलर्स के मालिक संजय वर्मा ने चौकी नंबर 3 में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि सुबह उनके पड़ोसी ने दुकान में हलचल देख उन्हें फोन कर इसकी सूचना दी। वह दुकान पर आए तो देखा कि उनकी दुकान के शटर का ताला और शीशा टूटा हुआ है।
उन्होंने बताया कि उनकी दुकान में चांदी और सोने के जेवर सहित करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी व अन्य सामान था। जिसे चोर ले गए। इस कारण उन्हें करीब 7 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है। चोरी की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। जिसमें साफ देखा जा सकता है कि चोर बाइक पर आए थे और कुछ ही समय में चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना के बाद दुकानदारों में रोष है। दुकानदारों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं चौकी नंबर तीन के इंचार्ज हरविंद्र ने बताया कि उन्होंने मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।