काम निपटाकर रात के समय घर जा रहे युवक पर बाइक सवार दो दोस्तों ने मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद दोनों आरोपी दोस्त घायल युवक को लेकर इलाज के लिए अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल में पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने बिगड़ती हालत को देखते हुए उसे जीएमसीएच सेक्टर 32 स्थित चंडीगढ़ में रेफर कर दिया।
वहां भी वह दोनों आरोपी दोस्त घायल हो लेकर पहुंचे और घायल को धमकाया कि अगर यह बात किसी को बताई तो वह उसे जान से मार देंगे।
थाना अंबाला सिटी पुलिस को दी शिकायत में अरुण ने बताया कि वह कमल विहार हाल देवी नगर नजदीक मार्डन राईस मिल का निवासी है और 17 मई 2022 को वह मनमोहन अंबाला शहर से अपना निजी कार्य करके अपने घर पैदल जा रहा था। जैसे ही वह घास मंडी के पास पहुंचा तो वहां पर एक लड़का रोहित वासी घास मंडी व उसका दोस्त राहुल वासी काका ट्रांसपोर्ट नजदीक माता काली मंदिर के पास मिले जो बाइक पर सवार थे। इसके बाद उन दोनों ने उसे रास्ते में रोक लिया और अंधेरे में ले जाकर गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। इसी दौरान उनमें से एक युवक ने चाकू निकाला और उस पर वार कर दिया। चाकू लगने से वह घायल हो गया और जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद वह दोनों युवक उसे अपनी बाइक पर बैठाया और इलाज के लिए नागरिक अस्पताल के लिए लेकर चल दिए व रास्ते में दोनों ने उसे धमकाया कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो वह उसे जान से मार दिया जाएगा। शहर के नागरिक अस्पताल में चिकित्सक ने उसे प्राथमिक उपचार देकर जीएमसीएच सेक्टर 32 स्थित चंडीगढ़ रेफर कर दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।