अंबाला सिटी। बीते 21 फरवरी को यमुनानगर के पृथ्वी माजरा गांव निवासी अमन कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस के हाथ खाली हैं। अमन के परिजनों का कहना है कि उसकी हत्या की गई है। पीड़ित परिवार शनिवार को एसपी अंबाला से गुहार लगाने के लिए अंबाला पहुंच रहे हैं। वहीं मृतक के पिता जोगिन्द्र सिंह का कहना है कि पुलिस पोस्टमार्टम करवाने के बाद बिसरा भेजकर रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। जोगिंद्र का कहना है कि मामले को लेकर वे मुख्यमंत्री, गृहमंत्री व हरियाणा पुलिस डीजीपी से मुलाकात करेंगे। इस पूरे मामले की जांच उच्चस्तरीय करवाएंगे।
जानकारी के अनुसार बीते दिनों अमन कुमार की शहर के मोतीनगर में रहने वाली एक महिला के यहां किसी कारण मौत हो गई थी। महिला ने अमन को सिटी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया था, लेकिन उसकी मौत की पुष्टि होने पर वह फरार हो गई थी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उस महिला पर अवैध संबंधों की वजह से उनके बेटे की हत्या करने के आरोप लगाए थे।
मामले में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। इस मामले की जांच भी की जा रही है, लेकिन पोस्टर्माटम करने वाले चिकित्सकों के पैनल से बताया गया था कि युवक की मौत दम घुटने से हुई है। फाइनल जांच के लिए बिसरा मधुबन भेजा गया है। बिसरा रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा।
-रामकुमार, थाना प्रभारी, अंबाला सिटी।