अंबाला। मानव चौक अनाजमंडी पुल के पास 21 वर्षीय युवती के अपहरण व उसकी मां की आंखों में मिर्च डालकर मारपीट मामले में नया मोड़ आया है। महिला ने अपने जीजा पर ही बेटी का अपहरण करने के आरोप लगाए थे। पुलिस ने जब मामले की गंभीरता से जांच करते हुए उन्हें ढूंढ निकाला तो कहानी बदल गई।
युवती ने बयान दर्ज करवाते हुए कहा कि वह अपने मौसा के साथ मर्जी से गई थी और उनके साथ ही रहना चाहती है। ऐसे में पुलिस ने युवती की मां से मारपीट व आंखों में मिर्च डालने के मामले में राजस्थान के मैटरो ग्रीन वैली रिसोर्ट निवासी आरोपी तरसेम को काबू किया। युवती आरोपी तरसेम के ही घर चली गई। सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गौरव ने बताया कि महिला के मारपीट के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है।
यह था पूरा मामला
शिकायतकर्ता पीड़ित महिला ने 14 जून को शिकायत दर्ज करवाते हुए कहा कि वह अपनी बेटी के साथ एक्टिवा पर मंदिर जा रही थी। वह अनाजमंडी पुल मानव चौक के पास पहुंची तो जीजा तरसेम व एक महिला ने गाड़ी एक्टिवा के आगे लगा दी। उतरते ही तरसेम ने उसकी व बेटी की आंखों में लाल मिर्च डाल दी थी। साथ ही मारपीट करते हुए बेटी को जबरन अपने साथ ले गया था। महिला का आरोप था कि उससे पहले भी एक बार युवती को लेकर भाग गया था। उस समय से भी मुकदमा दर्ज करवाया था, लेकिन वो बेटी के बयान पर खत्म हो गया था।