बाइक सवार युवकों ने महिला का पर्स छीना
पर्स में थे 24 हजार रुपये और जरूरी दस्तावेज
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। पति के साथ बाइक पर बैठकर जा रही महिला का बाइक सवारों ने पर्स छीन लिया और फरार हो गए। पीड़ित पति ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
पंजाब के कस्बा राजपुरा वासी अंग्रेज सिंह ने पुलिस को बताया कि वह यमुनानगर के थाना छप्पर, गांव बिकमपुर के गुरुद्वारे में पाठी है। सोमवार की दोपहर को करीब सवा 12 बजे अपनी पत्नी परमजीत कौर और बेटे को लेकर गांव मडवाल से बाइक पर बिकमपुर के लिए निकला था। एक बजे कैंट के मामा-भांजा पीर के पास पहुंचे तो पीछे से बाइक पर आ रहे दो लड़कों ने पमरजीत को आवाज लगाकर कहा कि उसकी चुनरी लटक रही है। परमजीत का ध्यान जैसे ही चुनरी की तरफ गया तो बाइक के पीछे बैठे दूसरे युवक ने उसके हाथ में पकड़ा पर्स छीन लिया और फरार हो गए। पर्स में 24 हजार रुपये, आधार कार्ड, पैनकार्ड, बैंक की पासबुक, एटीएम व कुछ और दस्तावेज थे। बता दें इस दौरान दोनों बाइक से नीचे गिरकर घायल हो गए।