अंबाला। शादी के पांच साल बाद मन्नत उतारने के लिए कानपुर से वैष्णो देवी जा रहे परिवार के सवा माह के मासूम की ट्रेन में अचानक मौत हो गई। परिजनों का कहना था कि मां बच्चे को स्तनपान करवा रही थी कि अचानक से दूध पीते समय वह बेसुध हो गया। बताया जाता है कि दूध सांस लेने वाली नली में जाने के कारण मासूम ही हालत बिगड़ गई। यात्रियों ने प्राथमिक उपचार देने का प्रयास भी किया, लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। छावनी रेलवे स्टेशन पर उतरते ही मासूम को नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गाजीपुर निवासी सोनू कुमार व साक्षी गुप्ता ने बताया कि उनकी शादी को पांच साल हो गए हैं। मन्नत उतारने के लिए नानी, बहन सहित आठ लोगों के साथ माता वैष्णो देवी माथा टेकने हरिहर एक्सप्रेस ट्रेन में जा रहे थे। तभी बच्चे की तबीयत बिगड़ गई। जांच अधिकारी एएसआई राजकुमार ने बताया कि बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के असल कारणों का खुलासा हो पाएगा।