छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में शनिवार को गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का जनता दरबार लगा। इस दौरान सबसे अधिक शिकायतें पुलिस के खिलाफ आईं, जिसमें शिकायतकर्ताओं ने बताया कि थाना-पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। इस तरह के नौ मामले में मंत्री ने एसआईटी गठित कर जांच के निर्देश दिए हैं। यही नहीं पानीपत पुलिस के खिलाफ आई शिकायत के मामले में उन्होंने डीएसपी को फोन कर फटकार भी लगाई।
चरखी दादरी से आए एक दंपति परिवार ने बताया कि 9 मार्च 2018 को उसके बेटे की हत्या करके उसको पेड़ पर लटका दिया गया था, पुलिस में शिकायत देने के बावजूद उस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। वहीं अधोई बराड़ा से आई एक युवती ने बताया कि वह खेती का काम करती है। उसने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने दबंगता दिखाते हुए उसके खेत से गेहूं काट ली। पुलिस में शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही। नूंह जिले से आए एक व्यक्ति ने अपने पिता की हत्या के मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने की बात कही। इन सभी मामलों में मंत्री ने एसआईटी गठित कर जांच के आदेश दिए हैं। इसके अलावा पानीपत में जमीनी धोखाधड़ी मामले में भी एसआईटी जांच के निर्देश दिए गए, जबकि रोहतक में धोखाधड़ी मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी एवं कार्रवाई नहीं होने की शिकायत पर गृह मंत्री ने आईजी रोहतक को मामले में एसआईटी गठित कर जांच के निर्देश दिए।
बिलासपुर से आए एक युवक ने कहा कि छह साल पहले उसकी बहन की शादी बिलासपुर में हुई थी। उसके ससुराल में उसकी हत्या कर दी गई, लेकिन इस मामले में पुलिस ने कोई उचित कार्रवाई नहीं की। गृहमंत्री ने इस मामले में एसपी यमुनानगर को फोन करके एसआईटी बनाकर जांच कराने और आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
छावनी में एक व्यक्ति ने इकरारनामा कर अपना गुर्दा डोनेट कर दिया, बदले में दूसरे व्यक्ति को प्रतिमाह एक निश्चित रकम देनी थी। आरोप है कि गुर्दा लेने के बाद अब व्यक्ति प्रतिमाह रकम देने से मुकर गया है। इस मामले में गृह मंत्री ने एफआईआर दर्ज कर छानबीन और कार्रवाई के निर्देश दिए।
पानीपत निवासी एक युवक ने शिकायत देते हुए बताया कि पानीपत के ही रहने वाले एक व्यक्ति ने खेल कोटे से उसे नौकरी दिलवाने के लिए 6.50 लाख रुपये लिए थे। उसने न तो नौकरी दिलवाई और न ही उसके पैसे दे रहा है। आरोप है कि संबंधित आरोपी जाली दस्तावेज भी तैयार करता है। इस शिकायत पर एसपी पानीपत को फोन करके संबंधित आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
पानीपत से आए एक दंपति ने अपनी शिकायत में बताया कि उसके लड़के को लड़की भगाने के मामले में झूठा फंसाया गया है। इस मामले में पुलिस में शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। इस मामले में गृहमंत्री ने संबंधित डीएसपी को फोन पर कहा कि आजाद हिंदुस्तान है, कार्रवाई करो। मामले में संलिप्त जो भी आरोपी है उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाएं।
सिरसा जिले के रानियां से आई एक विधवा महिला ने शिकायत में बताया कि उसकी नाबालिग बेटी का अपहरण कर लिया गया है। पुलिस में आरोपी के खिलाफ शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इस मामले में गृहमंत्री ने एसपी को फोन कर कार्रवाई के निर्देश दिए। पिंजौर से आई एक महिला ने शिकायत में बताया कि उसकी सात वर्षीय बेटी के साथ कुछ युवकों ने गलत काम किया है, पुलिस द्वारा मामले में सही कार्रवाई नहीं की जा रही। इस पर भी गृहमंत्री ने एसपी को जांच करते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए। महुआ खेड़ी नारायणगढ़ से आए लोगों ने हत्या के मामलों में पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई न होने के बारे बताया। इस मामले में गृहमंत्री ने एसपी अंबाला को फोन करके जांच करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार के दौरान गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने छह घंटे में करीब तीन हजार शिकायतें सुनी और समाधान के निर्देश दिए। जनता दरबार में हरियाणा के विभिन्न जिलों से फरियादी पहुंचे थे।