अंबाला। तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से जख्मी हुए बाइक सवार की अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई। मंगलवार रात को घटना का शिकार हुआ व्यक्ति तौलिया फैक्टरी से छुट्टी कर बाइक पर घर आ रहा था। इस दौरान एयरफोर्स स्टेशन के पास तेज रफ्तार कार ने उसे चपेट ले लिया। हादसे के बाद आरोपी कार चालक कार को लेकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सहायता से घायल युवक को इलाज के लिए अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना अंबाला कैंट पुलिस को दी शिकायत में महता वाली गली गांव बब्याल निवासी चंद्र प्रकाश ने बताया कि बब्याल निवासी उसके चाचा का लड़का गौरव लालडू स्थित तौलिया फैक्टरी में नौकरी करता है। मंगलवार की रात को गौरव फैक्टरी से छुट्टी कर बाइक पर अपने घर आ रहा था। जैसे ही गौरव एयर फोर्स स्टेशन के पास पहुंचा तो पीछे से आ रही तेज रफ्तार आल्टो ने गौरव की बाइक में टक्कर दे मारी। टक्कर लगने के बाद वह बाइक समेत सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद राहगीरों ने घायल को इलाज के लिए अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस शिकायत के बाद पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।