क्रिसमस की रात होली रिडीमर कैथोलिक चर्च परिसर में लगी प्रभु यीशु मसीह की मूर्ति तोड़ने के आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से दोनों को छह दिन के रिमांड पर लिया। थाना कैंट पुलिस को दी शिकायत में फादर पतरस मुंडू ने बताया कि 25 व 26 दिसंबर की मध्यरात्रि अंबाला छावनी के होली रिडीमर कैथोलिक चर्च परिसर में लगी प्रभु यीशु मसीह की मूर्ति को तोड़ दिया गया था।
पुलिस ने इस शिकायत के बाद दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंबाला के नेतृत्व में सीआईए-1, सीआईए-2 व प्रबंधक थाना अंबाला छावनी की संयुक्त टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए गए थे। 28 दिसंबर को सीआईए-1 अंबाला की टीम ने वशिष्ठ नगर निवासी संदीप कुमार व रविंद्र कुमार को गिरफ्तार किया।