अंबाला। कालीपलटन पुल के निकट कैंटीन स्टोर डिपार्टमेंट (सीएसडी डिपो) में अस्थाई तौर पर लगे करीब डेढ़ सौ कर्मचारियों को बाहर निकालने का मामला सामने आया है। हालांकिख् अधिकारियों ने उन्हें वापस नौकरी पर रख लिया है। तीन दिन पहले सभी कर्मचारियों को संबंधित अधिकारियों ने यह कहकर बाहर कर दिया कि उनकी शर्तों के मुताबिक काम करना होगा। दो दिन तक कर्मचारी सीएसडी डिपो के बाहर रोष जताते रहे और काम पर दोबारा रखने की गुहार लगाते रहे। कोई सुनवाई नहीं हुई तो समस्त कर्मचारी एकजुट होकर गृहमंत्री अनिल विज के शास्त्री कॉलोनी स्थित निवास स्थान पर पहुंचे।
हालांकि, मंत्री विज न होने के कारण उनकी मुलाकात नहीं हो पाई। इस कारण वह लौट गए। जैसे ही सीएसडी डिपो के अधिकारियों को भनक लगी तो उन्होंने आनन-फानन में सभी कर्मचारियों को वापस लौटने के निर्देश जारी कर दिए। इस संबंध में अधिकारियों से बातचीत करनी चाही तो उन्होंने साफ इंकार कर दिया। बता दें कि अंबाला सीएसडी डिपो से कई जगह सप्लाई जाती है। करीब ढाई सौ अस्थाई कर्मचारी काम पर लगे हुए हैं। कर्मचारियों का कहना था कि वह करीब 20-20 साल से सीएसडी डिपो में काम कर रहे हैं।