संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। नववर्ष पर सैलानियों को 122 वर्ष पुराने भाप इंजन से लैस ट्रॉय ट्रेन में सफर करने का मौका मिलेगा। अंबाला मंडल ने इस योजना को धरातल पर उतारने का खाका तैयार किया है, वहीं भाप इंजन को मरम्मत के लिए रेवाड़ी स्थित स्टीम लोकोमोटिव शेड में भेज दिया है।
यहां पर भाप इंजन का सुधार किया जाएगा और इसे दोबारा रेलवे लाइन पर दौड़ाने में सक्षम बनाया जाएगा, इसके अलावा इसकी तकनीकी खामियों को दुरुस्त व सौंदर्यीकरण के तहत रंग-रोगन आदि भी किया जाएगा। जल्द दुरुस्त करने के निर्देश अंबाला मंडल रेल प्रबंधक ने कालका-शिमला सेक्शन पर चलने वाले भाप इंजन को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में उनकी रेवाड़ी स्थित स्टीम लोकोमोटिव शेड के प्रबंधन से भी मंत्रणा हुई है ताकि नववर्ष से पहले भाप इंजन का ट्रायल किया जा सके, अगर इसमें कोई खामी मिले तो उसे भी समय रहते दुरुस्त किया जा सके।