अंबाला। गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने वीरवार को एनएचएआई के अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने अंबाला-साहा फोरलेन मार्ग पर तुरंत लाइट चालू करने के निर्देश दिए। साथ ही डिवाइडर पर पौधे लगाने का कार्य भी जल्द करने को कहा। उन्होंने नागरिक अस्पताल छावनी के नजदीक स्पीड लिमिट के बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। विज ने कहा कि रोड पर साइन बोर्ड लगाने के कार्य को जल्द करना सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि गोलचक्कर चौक पर चल रहे कार्य को भी प्राथमिकता से कराएं। साथ ही बीसी बाजार छावनी में स्ट्रॉम वाटर के तहत पाइपलाइन बिछाने के कार्य में भी तेजी लाने को कहा।
गृह मंत्री ने बताया कि अंबाला-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनाज मंडी तक स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से चर्चा की है। जल्द ही इस कार्य को अमलीजामा पहनाया जाएगा। बैठक के दौरान उन्होंने गोलचक्कर के नजदीक बनाए जा रहे अटल बैंक स्कवेयर एंड शॉपिंग कांप्लेक्स को जाने वाले रास्ते संबंधी कार्य के लिए भी एनएचएआई के अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने टांगरी बांध से केडी अस्पताल की पुलिया तक अंडरग्राउंड पानी निकासी की पाइपलाइन डाले जाने के कार्य पर चर्चा की। विज ने कहा कि रिंग रोड से संबंधित अधिग्रहण की गई किसानों की भूमि की राशि उन्हें जल्द दी जाए, ताकि टेंडर प्रक्रिया के कार्य को किया जा सके।