अंबाला सिटी। प्रतिदिन बढ़ते रसोई गैस, पेट्रोल व डीजल के दामों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिलिंडर, पेट्रोल-डीजल के खाली डब्बों इत्यादि पर पर हार चढ़ाकर विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ड्रम व घंटी बजाकर लोगों को महंगाई के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। महंगाई मुक्त भारत अभियान के तहत वह सदर बाजार चौक नजदीक जैन सोडा वाटर पर एकत्रित हुए। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पूर्व सीपीएस राम किशन गुज्जर ने कहा कि सरकार द्वारा की गई गैस और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी वृद्धि ने आमजन को परेशान कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में कमी होने के बावजूद पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस की दरों में लगातार वृद्धि कर आम आदमी की जेब पर डाका डाला गया है। पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में लगातार की जा रही भारी वृद्धि के कारण गरीब और मध्यम वर्ग के हितों पर भारी चोट पहुंची है।
विधायक वरुण मुलाना ने सरकार पर हल्ला बोलते हुए कहा कि वोट हासिल करने के लिए सरकार ने 137 दिनों तक पेट्रोल-डीजल, गैस सिलिंडर, पीएनजी और सीएनजी के भाव स्थिर रखे। अब चुनाव बीत गए हैं तो महंगाई की मार से पिछले एक हफ्ते में हर परिवार का बजट बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को कंगाल कर अपना खजाना भरने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार तेल के दाम बढ़ाकर लोगों की जेब में छेद कर रही है। प्रदेश कोषाध्यक्ष रोहित जैन ने जनता से अपील की कि महंगाई के दानव को परास्त करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में इन प्रदर्शनों में शामिल होकर सरकार के कानों तक यह आवाज पहुंचाएं।
जैन ने बताया कि प्रदर्शन में थाली, ताली, घंटा बजाकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा, क्योंकि केंद्र की सरकार को जनता की सिसकियां नहीं सुनाई देतीं। उसे ताली और थाली की आवाज ही सुनाई पड़ती है। उन्होंने कहा कि पिछले नौ दिनों में तेल के दामों में कुल 5.60 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। इस अवसर पर पूर्व विधायक जसबीर मल्लौर, वेणु अग्रवाल, अशोक जैन, सुधीर जयसवाल, ह़ीरा लाल यादव, तरुण चुघ, बलविंदर सिंह पुनिया, रिंकू पूनिया, कुलदीप सिंह गुल्लू, मिथुन वर्मा आदि मौजूद रहे।
अंबाला छावनी स्थित सदर बाजार चौक पर पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में अत्यधि- फोटो : Ambala