अंबाला सिटी। श्रीमद्भागवत ज्ञान कथा यज्ञ के तीसरे दिन वीरवार को महंत सोमदत्त गिरी महाराज ने भगवान राम के जन्म का वृत्तांत सुनाया। भगवान राम के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा और जीवन से प्रेरित होने वाले प्रसंग उदाहरण सहित प्रस्तुत किए। उन्होंने श्री राम तुम्हारे चरणों से यदि प्यार किसी को हो जाए, गोविंद तुम्हारे चरणों में गोपाल तुम्हारे चरणों में... भजन सुनाया, जिस पर भक्त झूम उठे।
महंत ने कहा कि भगवान राम के जीवन से मनुष्य को सीखने और अपनाने के लिए स्पष्ट राह दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जहां सुनाई जाती है, वहां मां गंगा, यमुना, सरस्वती स्वयं उपस्थित रहती हैं। महंत ने कहा संतों के सानिध्य में श्रीमद्भागवत सुनने का बहुत अधिक महत्व होता है और आप सभी भाग्यशाली हैं जो संतों के सानिध्य में कथा सुन रहे हैं। महंत ने कहा कि जननी जन्मभूमि स्वर्ग से भी उत्तम होती है। जो माता के हाथ का भोजन करता है, वह बहुत ही भाग्यशाली होता है। इससे पहले संत राघवेन्द्र दास और संत आनंद गिरि महंत के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा सुनने के लिए पहुंचे।
सभा के प्रधान ओम प्रकाश शर्मा और सचिव रमेश धीमान ने संतों का स्वागत किया और जनसमूह के लिए आशीर्वाद लिया। इस दौरान विनोद धीमान परिवार सहित शहर से महंत का आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचे। महंत ने दीक्षा धीमान को सम्मानित किया। जिन्होंने इस वर्ष यूपीएससी द्वारा संचालित भारतीय इंजीनियरिंग सेवा में 10वां रैंक हासिल किया। दीक्षा की यह उपलब्धि अंबाला के दूसरे बच्चों के लिए प्रेरणा भी है। इस दौरान महंत द्वारा राम बाजार वाले विशाल गुप्ता और उनकी टीम को सम्मानित किया गया। कथा में सतीश दुआ, रमेश गुप्ता, राकेश कुमार, धीरज, अरुण गुप्ता, दिनेश बहल, अविनाश शर्मा, राकेश गुप्ता, संदीप वासन, पुनीत वर्मा, आदि उपस्थित रहे।