अंबाला। अंबाला-दिल्ली नेशनल हाईवे-44 पर छावनी रेलवे स्टेशन के सामने फ्लाईओवर पर मंगलवार रात एक कंटेनर ने आगे चल रही लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। इस टक्कर में ट्रैक्टर चालक युवक की मौके पर मौत हो गई।
पुलिस को दी गई शिकायत में शामली के गढ़ी अब्दुल्ला खान निवासी मृतक के भाई मो. राशिद ने बताया कि उनका बड़ा भाई साजिद (33 वर्ष) खेती-बाड़ी के साथ-साथ कपड़े की फेरी का काम भी करता था। 25 अगस्त की शाम करीब 6 बजे साजिद उनके महिंद्रा ट्रैक्टर पर सफेदा और पॉपुलर की लकड़ियां लादकर बेचने के लिए शामली से हंडेसरा (पंजाब) के लिए चला था।
विज्ञापन
रात करीब 1:05 बजे जब साजिद कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पुल पर पीछे से आ रहे कंटेनर ने टक्कर मार दी जिससे साजिद ट्रैक्टर से उछलकर हाईवे पर जा गिरा और कंटेनर का टायर सिर के ऊपर से निकल गया।
पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।