जन्माष्टमी पर मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
- फोटो : amar ujala
बुधवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों को सजाया गया, जबकि इस दौरान पूजा अर्चना की गई। जिला के मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, जबकि बाल श्रीकृष्ण को श्रद्धालुओं ने झूला भी झुलाया। देर रात तक मंदिरों में कार्यक्रम होता रहा।
जिलेभर के मंदिरों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिरों को सजाया गया, जबकि दिनभर मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इस दौरान पूरे विधि-विधान से पूजा अर्चना हुई, जबकि कईं मंदिरों में श्रीकृष्ण जीवन से संबंधित झांकियां भी निकाली गई। सिटी के नौहारियां मंदिर, राधाकृष्ण मंदिर, कोतवाली सराय स्थित मंदिर, अंबिका देवी मंदिर, कैंट के रेसकोर्स रोड स्थित राधाकृष्ण मंदिर, सनातन धर्म मंदिर, हाथीखाना कैलाश मंदिर आदि को सजाया गया। इस श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप को पालने में बिठाया गया, जिन्हें श्रद्धालुओं ने झूला झुलाया।
उधर, जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में बराड़ा उपमण्डल के कस्बा साहा, मुलाना, उगाला सहित सभी ग्रामीण मन्दिरों की भव्य सजावट की गई। बराड़ा कस्बा की प्राचीन शिव मन्दिर, शिव मन्दिर सिंहपुरा, हरि मन्दिर में जन्माष्टमी का त्यौहार धूमधाम से मनाने की सभी तैयारियों को अन्तिम रूप दिया जा चुका है। मन्दिरों के बाहर व मुख्य बाजारों में दुकानदारों ने फलों, लडिय़ों, सजावटी सामान, मिष्ठान, बच्चों के खेल के सामान तथा धार्मिक सामग्री की दुकानें भी सजाई हैं।