अंबाला। मेहनत से कमाए लगभग 4.50 लाख रुपये लेकर घर जा रहे व्यापारी का ट्रेन में सफर के दौरान ट्रॉली बैग चोरी हो गया। ट्रेन के राजपुरा पहुंचने के बाद जब व्यापारी की नींद खुली तो उसे बैग चोरी होने की जानकारी मिली। ट्रेन में तैनात सुुरक्षा कर्मचारियों से बात करने के बाद मामले की शिकायत पहले जोधपुर जीआरपी और फिर छावनी जीआरपी को दी गई। अब छावनी जीआरपी थाने में मामला दर्ज कर अज्ञात चोर की तलाश शुरू कर दी गई है।
हरिद्वार निवासी कान सिंह ने बताया कि वह मूलरूप से जोधपुर का रहने वाला है और हरिद्वार में मिठाई बनाने का काम करता है। मेहनत से कमाए 4.50 लाख रुपये लेकर वह कई महीनों बाद घर जा रहा था। सात नवंबर को ट्रेन नंबर 04887 ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस में वह सफर कर रहा था। इस दौरान उसने अपना ट्रॉली बैग सीट के नीचे रख दिया और रात्रि 11 बजे सो गया। जब वह 2 घंटे बाद लगभग 1 बजे नींद से जागा तो उसने देखा कि ट्रॉली बैग चोरी हो चुका है। ट्रेन में तलाश करने के बाद भी जब बैग नहीं मिला तो मामले की जानकारी सुरक्षा कर्मचारियों को दी। इस दौरान ट्रेन राजपुरा रेलवे स्टेशन पर पहुंच चुकी थी। कान सिंह ने बताया कि ट्रॉली बैग में वोटर आई कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड, कपड़े व 4.50 लाख नकदी थी। जांच अधिकारी राजकुमार ने बताया कि व्यापारी को चोरी की सही जानकारी नहीं है। पहले सहारनपुर और फिर अंबाला की जानकारी दी। फिलहाल जोधपुर जीआरपी से प्राप्त जीरो एफआईआर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई है।