अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन से ट्रेन में चढ़े तीन व्यक्तियों ने इस हमले को अंजाम दिया है और तीनों ने चाकू की नौक पर दो यात्रियों से लूटपाट करने की कोशिश की थी और जब दोनों यात्रियों ने इसका विरोध किया तो उन्होंने एक के पेट में तो दूसरे के हाथ पर चाकू मार दिया।
अमृतसर से जयनगर जा रही ट्रेन नंबर 14674 शहीद एक्सप्रेस में लूटपाट हो गई। तीन आरोपियों ने इस घटना को उस समय अंजाम दिया जब ट्रेन अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन से कुछ ही दूर पहुंची थी। लूट के इरादे से चढ़े तीन आरोपियों ने चाकू मारकर दो यात्रियों को घायल कर दिया और उनका पर्स छीन लिया। घटना अंबाला और दुखेड़ी रेलवे स्टेशन के बीच हुई। हादसे की सूचना मिलते ही ट्रेन को तुरंत रोक दिया। चाकू मारने के बाद हमलावर ट्रेन से उतरकर भाग गए।
विज्ञापन
दस मिनट तक ट्रेन बीच रास्ते में ही खड़ी रही। सूचना मिलते ही बराड़ा आरपीएफ पोस्ट से उप निरीक्षक दान सिंह व अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायलों को ट्रेन से नीचे उतारा। घटना वीरवार शाम लगभग 6.22 बजे हुई थी और ट्रेन को 6.40 बजे गंतव्य की तरफ रवाना किया गया। घायलों की पहचान लुधियाना निवासी संजय जोकि चिकन का काम करता है और दूसरे घायल संदीप के तौर पर हुई जोकि कपड़े का काम करता है। दोनों ढंडारी कलां से गोरखपुर जा रहे थे।।
प्राप्त जानकारी अनुसार अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन से ट्रेन में चढ़े तीन व्यक्तियों ने इस हमले को अंजाम दिया है और तीनों ने चाकू की नौक पर दो यात्रियों से लूटपाट करने की कोशिश की थी और जब दोनों यात्रियों ने इसका विरोध किया तो उन्होंने एक के पेट में तो दूसरे के हाथ पर चाकू मार दिया। दोनों घायलों को उपचार के लिए अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में लाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रुप से घायल एक यात्री को चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहीं आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम का गठन कर दिया गया है।
विज्ञापन
अधिकारी के अनुसार
दोनों घायलों को कुछ संदिग्धों की फोटो दिखाई गई थी। इनमें से दो आरोपियों की पहचान हुई है। दोनों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई आरंभ कर दी गई है। -अरुण कुमार,सहायक सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ, अंबाला मंडल।