अंबाला सिटी। लोगों की लापरवाही और ट्रैफिक व्यवस्था की पोल रोजाना होने वाले हादसे खोल रहे हैं। पिछले एक वर्ष में हुए करीब 391 हादसों में 203 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। गत दिवस हुए सड़क हादसे में नेशनल हाईवे पर मंजी साहिब गुरुद्वारे के निकट ओवर लोड तूड़ी से भरे ट्रैक्टर-ट्राली चालक की लापरवाही और साहा-शाहजादपुर रोड पर अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने दो लोगों की जान ले ली। यह हाल तब है, जब कोरोनाकाल की वजह से पहले की अपेक्षा वाहनों की आवाजाही कम हुई है।
बता दें कि वर्ष 2021 में पिछले वर्षों की अपेक्षा सड़क हादसों में वृद्धि हुई है। बीते वर्ष हुए हादसों में 173 कार चालकों की लापरवाही सामने आई है। इनकी वजह से कई घरों के दीपक बुझ गए। करीब 44 कार चालक ऐसे भी रहे हैं जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गए। इन हादसों में 76 वे लोग शामिल थे जो सड़क पर पैदल चल रहे थे और किसी वाहन की चपेट में आने से उनकी जान चली गई। वहीं 17 साइकिल सवार रोड हादसे का शिकार हुए हैं। इन सभी हादसों में 254 हादसे ऐसे हैं जोकि हाईवे के ऊपर हुए हैं और करीब 134 हादसे जिले की विभिन्न सड़क पर हुए हैं। यदि कार चालक ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाएं तो इन हादसों में कमी आ सकती है। संवाद
बस चालक की लापरवाही का खामियाजा छह परिवारों को पड़ा भुगतना
नो पार्किंग जोन में 27 दिसंबर 2021 की सुबह तीन बजकर बीस मिनट पर एक बस चालक की लापरवाही के कारण तीन बसों की भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी और 9 लोग गंभीर घायल हुए थे
ट्रैफिक नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों से हादसा होने की आशंका कम होती है। वाहन चालक ठंड व धुंध के मौसम में अपनी गाड़ी की गति कम रखते हुए उचित दूरी बनाकर चलें। ट्रैफिक नियमों के अनुसार रोड पर निर्धारित की गई गति सीमा के अनुसार ही गाड़ी को चलाएं। वाहन चालक शराब का सेवन कर गाड़ी न चलाएं।
-जोगिंद्र सिंह, ट्रैफिक प्रभारी, अंबाला।
शहर क्षेत्र में ऑटो अधिक मात्रा चल रहे हैं। ऑटो चालकों के खिलाफ आए दिन कई लोग मौखिक रूप से पुलिसकर्मियों को जानकारी दे रहे हैं। उनके अनुसार ऑटो चालक रोड पर अपनी मनमर्जी करते हुए लापरवाही से ऑटो चला रहे हैं। ऑटो चालकों की आदत है कि वह चलते हुए जहां भी कोई सवारी दिखाई दी, तुरंत वहीं ब्रेक लगा देते हैं। यदि कोई ऑटो चालक रोड पर लापरवाही करते पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-रामकुमार, सिटी थाना प्रभारी, शहर
चालक रोड पर वाहन चलाते ट्रैफिक नियमों का पालन करें । ऐसा करने से अन्य वाहन चालक सुरक्षित हांगे। दूसरी ओर, वे खुद भी सुरक्षित यात्रा कर सकेंगे। गाड़ी चलाते समय सीट बेल्ट जरूर लगाएं। हादसा होने पर सीट बेल्ट ही चालक का बचाव करने में सहायक साबित होती है। ट्रैफिक नियमों के अनुसार ही वाहन चलाएं।
-गौरव कुमार, थाना प्रभारी, बलदेव नगर थाना, शहर
पुलिस प्रशासन की ओर से प्रतिदिन लोगों को शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर जागरूक किया जा रहा है। चालक दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट, मास्क, वाहन के जरूरी कागजात आदि को पूरा रखें। नियमों को ताक पर रखकर वाहन चलाने वाले चालकों का पुलिस द्वारा चालान कर उन्हें जागरूक भी किया जा रहा है।
-सतबीर भान, थाना प्रभारी, सदर थाना, शहर