अंबाला। छावनी क्षेत्र की नियमित कॉलोनियों में स्थित कई प्लॉटों के खसरा नंबरों को नगर परिषद ने अनियमित दिखा दिया। जैसे ही इसकी जानकारी प्रॉपर्टी डीलरों और स्थानीय लोगों काे मिली वह वीरवार को नगर परिषद कार्यालय पर एकत्रित हो गए।
यहां उन्होंने कार्यकारी अधिकारी को रोकने का प्रयास किया पर अधिकारी जल्द आने की बात कहकर चले गए। जब किसी ने नहीं सुनी तो विरोध कर रहे लोग नगर परिषद के गेट के सामने ही दरी बिछाकर नारेबाजी करने लगे। दो घंटे के प्रदर्शन के बाद आखिरकार लोगों ने एसडीएम कैंट को इस मामले के बारे में फोन पर बताया। इसके बाद नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी आए और समस्या को सुना। ईओ ने मांगा तीन से चार दिन का समय : इसके बाद कार्यकारी अधिकारी ने नियमित व अनियमित खसरा नंबर की समस्याओं को सुना और आश्वासन दिया कि तीन से चार दिनों के भीतर संबंधित विभाग को निर्देश जारी करके समस्या के समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस दौरान लाेगों की तरफ से प्रतिनिधिमंडल में ओंकार सिंह, ओंकार नाथी आदि मौजूद रहे।