Quality check team will visit today, cleaning work on war footing in the hospital
- फोटो : Ambala
अंबाला। छावनी नागरिक अस्पताल में आज यानी 17 सितंबर को क्वालिटी जांच टीम निरीक्षण करेगी। टीम के आने से पहले वीरवार को पूरे अस्पताल में युद्ध स्तर पर सफाई अभियान छिड़ा। जहां सीनियर नर्सिंग सिस्टर स्टाफ दवाओं से लेकर सफाई व्यवस्था का जायजा लेती नजर आई, वहीं डॉक्टर भी स्टाफ नर्स को इमरजेंसी में आने वाले गंभीर मरीजों के प्राथमिक उपचार के बाद में जानकारी लेते नजर आए, जो अधूरी जानकारी दे रहा था तो उसे पूरी तरह से अवगत करवाया। ताकि वह टीम के सामने सही जवाब दे सकें।
उधर, इमरजेंसी सहित ओपीडी, आईपीडी ब्लॉक में छतों के जालों से लेकर टेबलों को भी पूरी तरह से चमकाया गया। हालांकि अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में सफेदी का काम चल रहा है। इसलिए गंभीर मरीजों का इलाज वीरवार को ओटी के ठीक सामने वार्ड में किया गया। जबकि वार्ड में दाखिल मरीजों को दूसरी मंजिल के वार्ड में शिफ्ट कर व्यवस्था की गई। क्वालिटी जांच के लिए आने वाली टीम के समक्ष सफेदी के बीच सफाई व्यवस्था करना स्टाफ के लिए चुनौती पूर्ण रहेगा। बता दें कि करीब एक माह पहले ही कायाकल्प की टीम ने अस्पताल में दौरा कर जायजा लिया था।
क्वालिटी जांच टीम आने की सूचना मिली है। नियमित तौर की तरह ही अस्पताल में व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं। टीम कहां से आएगी इसके बारे में पहले कोई जानकारी नहीं होती है।
-डॉ. राकेश सहल, पीएमओ, छावनी नागरिक अस्पताल