अंबाला सेंट्रल जेल में वॉलीबॉल मुकाबले को लेकर प्रेक्टिस करते बंदी।
- फोटो : Ambala
केंद्रीय जेल अंबाला में कैदियों के शारीरिक स्वास्थ्य को देखते हुए जेल प्रशासन द्वारा सोमवार से इंटर ब्लॉक वॉलीबॉल प्रतियोगिता करवाई जा रही है। इस कड़ी में सभी ब्लॉक से एक-एक टीम का चयन किया गया है। जेल अधीक्षक लखबीर सिंह ने बताया कि इन सभी वॉलीबॉल टीमों का इंचार्ज एक-एक जेल अधिकारी को बनाया गया है। इंचार्ज के मार्गदर्शन में इन टीमों के खिलाड़ियों द्वारा पिछले एक सप्ताह से प्रतियोगिता की तैयारी के लिए निरंतर अभ्यास किया जा रहा है।
सोमवार से शुरू होने जा रही इस प्रतियोगिता में पहले सभी टीमें एक-दूसरे से लीग मैच खेलेंगी। लीग मैचों में टॉप आने वाली दो टीमों के बीच फाइनल मुकाबला आगामी शुक्रवार को होगा। इसके बाद कैदियों के बीच एक बैडमिंटन टूर्नामेंट व एथलेटिक्स प्रतियोगिता भी करवाए जाएगी। ताकि ज्यादा से ज्यादा कैदी इन खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपने शारीरिक स्वास्थ्य पर ध्यान देकर स्वस्थ रह सकें।
उन्होंने बताया कि जेल महानिदेशक मोहम्मद अकील की प्रेरणा व जिला प्रशासन के सहयोग व मार्गदर्शन में करवाई जा रही इन खेल गतिविधियों के प्रति कैदियों में काफी उत्साह व जोश देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की विजेता टीमों व अच्छा प्रदर्शन करने वाले कैदियों को जेल प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा। पहली टीम को शिवाजी टीम और दूसरी टीम को टैगोर टीम का नाम दिया गया है। तीसरी टीम को अशोका और चौथी को रमन टीम का नाम दिया गया है।