शाहबाद-अधोया रोड पर नाकाबंदी कर ट्रक से 120 किलो 800 ग्राम नशा जब्त
संवाद न्यूज एजेंसी
बराड़ा/नारायणगढ़। प्लास्टिक दाने की आड़ में चूरापोस्त की तस्करी का सीआईए नारायणगढ़ की टीम ने भंडाफोड़ किया है। शाहबाद-अधोया रोड पर चौधरी ढाबा के पास रविवार को नाकाबंदी कर एक ट्रक से 120 किलो 800 ग्राम चूरापोस्त बरामद किया। ट्रक में प्लास्टिक दाने और पाउडर के कट्टों के बीच चूरापोस्त के बैग रखे हुए थे। मौके पर एक आरोपी को काबू किया है। सोमवार को कोर्ट में पेश कर आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया गया।
गुजरात के रास्ते हिमाचल जा रहे थी खेप
सीआईए नारायणगढ़ के सहायक उप-निरीक्षक अमन कुमार व अरुण कुमार की टीम को सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए भारी मात्रा में नशा ले जाया जा रहा है। तभी नाकाबंदी कर आरोपी को काबू किया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह खेप राजस्थान और गुजरात के रास्ते से लेकर आया था। इसे हिमाचल प्रदेश में सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने नशीले पदार्थ और ट्रक को कब्जे में लेकर थाना बराड़ा में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज रक ली।