अंबाला। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के चौथे संस्करण के अंतर्गत रविवार को जिम्नास्टिक प्रतियोगिता की शुरूआत हुई। पहले दिन मैदान में आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक की मिक्स टीमें उतरी और केवल क्वालीफाइंग व इंडिविजुअल ऑलराउंड मुकाबले हुए। सोमवार को छावनी के सुभाष पार्क के पास बैडमिंटन हॉल में रिदमिक इवेंट के साथ-साथ कई इवेंट की अवार्ड सेरेमनी आयोजित करवाई जाएगी।
पहले दिन फ्लोर, पोमेल होर्स, रिंग्स, वाल्ट, पैरलल बार, होरिजेंटल बार, वालटिंग हॉर्स, अनइव बार, बीम फ्लोर आदि प्रतियोगिताएं हुई। इनमें देशभर से खिलाड़ियों ने जमकर पसीना बहाया। जोश इस कद्र था कि खेलते समय कई खिलाड़ी गिरे, लेकिन हौसला नहीं हारा। दोबारा मैदान में उतरकर शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के इसी जोश को देखकर हॉल भी तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठे। बता दें कि जिम्नास्टिक की प्रतियोगिताएं पांच से सात जून तक और तैराकी की प्रतियोगिताएं आठ से 12 जून तक होंगी। इस मौके पर जिम्नास्टिक फेडरेशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष कौशिक बीडी, कुलविंद्र सिंह, डीएसओ राम निवास, तैराकी कोच राम शर्मा आदि मौजूद रहे।
खिलाड़ियों में खासा उत्साह
रविवार को जिम्नास्टिक फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रधान सुधीर मित्तल व जिला प्रशासन की ओर से अतिरिक्त उपायुक्त सचिन गुप्ता, एसडीएम हितेष कुमार व नगराधीश मुकुंद ने खेल प्रतियोगिताओं का अवलोकन किया। फेडरेशन के प्रधान सुधीर मित्तल ने कहा कि कोरोना काल में खिलाड़ियों को प्रतिभा निखारने के लिए अवसर नहीं मिल सका, लेकिन अब खिलाड़ियों में पूरा उत्साह है।