नारायणगढ़। दो युवकों ने कार में लिफ्ट देकर ट्रक चालक को बैठाया और रात भर पिटाई करने के बाद अधमरा छोड़कर फरार होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में ट्रक चालक जगत सिंह निवासी कालाआम्ब ने बताया कि वह दो जून को रात करीब नौ बजे अपना ट्रक नारायणगढ़ के सरकारी पेट्रोल पंप पर खड़ा कर बस स्टैंड की तरफ जा रहा था। इस दौरान सुभाष चौक के निकट कार लेकर दो युवक उसके पास पहुंचे। उन्होंने अपनी कार में लिफ्ट देकर बैठा लिया। जगत सिंह के अनुसार वे दोनों सारी रात कार में ही उसके साथ मारपिटाई करते रहे। तीन जून की सुबह लगभग छह बजे कॉलेज रोड नारायणगढ़ के बीच में उन्होंने मुझे कार से उतार दिया।
आरोपी प्रदूम्मन ने उसे पकड़ लिया और सोनू ने लोहे की रॉड से टांग और घुटने पर चोटें मारी। उन्होंने कमर में भी लोहे की रॉड मारी। शोर मचाने पर लोगों को एकत्रित होते देखकर बदमाश मौके से फरार हो गए। नारायणगढ़ के सामान्य अस्पताल के डॉक्टरों ने इलाज के बाद उसे अंबाला रेफर कर दिया।