मुलाना। दोसड़का-बराड़ा रोड स्थित होली पर कार ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल हुए व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं कार चालक मौके से कार सहित फरार हो गया। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
मामले में राकेश कुमार निवासी होली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दोसड़का -बराड़ा रोड पर होली में एक राइस मिल पर मुनीम की नौकरी करता है। बीते रविवार को वह अपनी ड्यूटी पर मौजूद था। सुबह करीब पांच बजे उसे किसी कार के टकराने की आवाज आई। जब उस ने सड़क पर आकर देखा तो वहां एक व्यक्ति लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। इस व्यक्ति को दोसड़का की ओर से आ रही कार ने टक्कर मारी थी। घायल हुए व्यक्ति के पास में ही कार की आगे की जाली पड़ी थी, जिसमें कार की नंबर प्लेट भी लगी हुई थी। घायल हुए व्यक्ति को अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत करार दिया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद