साहा। तहसील में कंप्यूटर न चलने के कारण लोगों के काम प्रभावित हो रहे हैं। इससे खफा किसानों व अन्य लोगों ने प्रशासन को चेतावनी है। इस दौरान साहा मंडी के पूर्व प्रधान अमरीक सिंह व युवा किसान नेता गुलाब सिंह ने कहा कि यदि शुक्रवार तक कंप्यूटर नहीं चले तो वह तहसील कार्यालय को ताला लगाकर धरना देगें। वे वीरवार को दर्जनों किसानों के साथ नायब तहसीलदार साहा अमित सिंह को कार्यालय में समय पर रजिस्ट्रियां न होने को लेकर मिले।
उन्होंने कहा कि पिछले काफी दिनों से लोग रजिस्ट्रीयां न होने के कारण परेशान हैं। बुजुर्ग सुबह आ कर कार्यालय में बैठ जाते हैं और शाम को एक ही जवाब मिलता है कि सर्वर डाउन है। किसानों का कहना है कि हमें रजिस्ट्री करवाने के लिए तीन-तीन बार पैसे देने पड़ते हैं। प्रत्येक एप्वाइटमेंट के तीन सौ के हिसाब से पैसे जमा करवाने पड़ते हैं। यदि कोई खराबी है तो किसान को जिस दिन रजिस्ट्री होगी उस दिन का समय दें। वहीं, नायब तहसीलदार ने बताया कि यह समस्या पूरे प्रदेश में चल रही है। इसे जल्दी ठीक कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक तहसील को एक कंप्यूटर चलाने के लिए कोड दिया हुआ है ताकि कोई कार्य न रुके। साहा तहसील में तीन ऑपरेटर बैठते हैं ऐसे में केवल एक ही कंप्यूटर चल रहा है, इस कारण कार्य प्रभावित हो रहा है।