अंबाला। अंबाला-जगाधरी नेशनल हाईवे पर रेलवे स्टेशन से इंडस्ट्रियल एरिया तक लगे 344 वाशिंग टोनिया पॉम ट्री को बचाने के लिए एनएचएआई ने कवायद शुरू कर दी है। सभी पर ट्री गार्ड लगाकर उन्हें सुरक्षित करने का काम शुरू हो गया है। बता दें कि अमर उजाला में 24 मार्च को समाचार प्रकाशित कर एनएचएआई की बिना ट्री गार्ड के पॉम लगाने की लापरवाही उजागर की थी। बताया था कि पॉम लगने के बाद बेसहारा जानवर उन्हें नुकसान पहुंचा रहे हैं। ऐसे में लाखों रुपये की लागत से यह पॉम खराब होने की कगार पर थे।
यहां तक कि संबंधित ठेकेदार भी ट्री गार्ड का टेंडर नहीं मिलने पर परेशान था। इसके बावजूद एनएचएआई ने कोई सुध नहीं ली। आखिर में 26 अप्रैल को गृहमंत्री अनिल विज की प्रशासनिक अधिकारियों संग हुई बैठक में दोबारा से अमर उजाला द्वारा उठाया गया मुद्दा गूंजा। इसमें एनएचएआई की लापरवाही सामने आई। मंत्री विज ने उन्हें ट्री गार्ड लगाने के निर्देश दिए। साथ ही 12 फीट की जगह महज पांच फीट के पॉम ट्री लगाकर गोलमाल करने का भी मुद्दा उठाया था। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि वह संबंधित ठेकेदार की जांच करें और दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाएं।
अंबाला-जगाधरी हाईवे पर लगे वाशिंग टोनिया पॉम पर ट्री गार्ड लगाने का काम शुरू हो गया है। 344 पर यह लगेगा। कोई पॉम ज्यादा सूख गया है या फिर छोटा है तो उसे मौके पर ही बदला जाएगा।
मोंटी, मैनेजर सीगल इंडिया लिमिटेड