अंबाला। छावनी नागरिक अस्पताल में लगे ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट के ट्रायल में लो वोल्टेज के कारण बिजली ट्रिप की समस्या अड़ंगा बनी हुई है। पिछले चार दिन से ट्रायल चल रहा है लेकिन अभी तक पूरा ही नहीं हो सका। कारण है कि बिजली ट्रिप होने के कारण प्लांट पूरी तरह से ऑक्सीजन नहीं बना पा रहा है, जबकि ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट को 15 अगस्त तक चालू करने को लेकर एनएचएम के निदेशक प्रभजोत सिंह ने खुद दौरा किया था और अस्पताल प्रबंधन सहित संबंधित कंपनी के कर्मचारियों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए थे।
बावजूद अभी तक काम लटका पड़ा है। बता दें कि अस्पताल में प्रति मिनट एक हजार लीटर ऑक्सीजन बनाने के लिए प्लांट लगाया गया है जोकि मेडफ्रेश कंपनी ने स्थापित किया। लेकिन अभी तक प्लांट का ट्रायल ही पूरा नहीं होने के कारण अस्पताल प्रबंधन को यह प्लांट सौंपा ही नहीं गया है। इस प्लांट के चालू होते ही पूरा अस्पताल ऑक्सीजन के संकट से मुक्त हो जाएगा। हालांकि पहले ही अस्पताल में एक लिक्विड ऑक्सीजन का प्लांट लगा है जिसके जरिए मरीजों के बेड तक पाइप लाइन के जरिए ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है।
लो-वोल्टेज के कारण ट्रायल में परेशानी आ रही थी जोकि अब कुछ ठीक है। हाइट्स कंपनी को जल्द से जल्द प्लांट पूरी गुणवत्ता के साथ सौंपने के लिए पत्र भेजा गया है।
-डॉ. विनय गोयल, डिप्टी मेडिकल सुपरीडेंट नागरिक अस्पताल छावनी