अनाज मंडी में उस वक्त माहौल गरमा गया, जब सरकार की ओर से अंबाला शहर अनाज मंडी में भेजे गए करीब एक हजार डीएपी खाद के बैग का वितरण किसानों में नहीं हुआ। किसानों ने रोष व्यक्त करते हुए सरकारी नुमाइंदों से खाद देने की मांग की। लेकिन कर्मचारियों ने तकनीकी कारणों के चलते वितरण करने से मना कर दिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को सिटी अनाज मंडी में सरकार की ओर से एक हजार बैग डीएपी खाद के भेजे गए थे। इसकी सूचना तुरंत किसानों को मिल गई। वह खाद लेने के लिए पहुंच गए। यहां मौजूद कर्मचारियों ने किसानों को बताया कि कुछ विभागीय कार्रवाई करने के पश्चात डीएपी खाद का वितरण किया जाएगा। कर्मचारियों के रवैये को देखते हुए भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान मलकीत सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने फोन के माध्यम से एसडीएम हितेश कुमार से बातचीत की और किसानों को डीएपी खाद का वितरण करने को कहा। इस पर एसडीएम ने कहा कि कुछ तकनीकी कारणों के चलते डीएपी खाद वितरण अभी नहीं किया जा सकता। यह खाद किसानों के लिए ही आया है और किसानों को ही दिया जाएगा। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान ने बताया कि खाद को लेकर सरकार की मंशा साफ नहीं है। किसान यूनियन इसका जमकर विरोध करेगी।
यदि सरकार किसानों को डीएपी खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं करवाएगी तो किसान सड़कों पर उतरकर विरोध करेंगे। उन्होंने बताया कि पिछले लंबे समय से किसानों को डीएपी खाद न मिलने के कारण आलू, सरसों व गेहूं आदि की बुआई करने के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सरकार किसानों को हर तरह के हथकंडे अपना कर तंग करने पर लगी हुई है। डीएपी खाद की किल्लत किसान पिछले लंबे समय से झेल रहा है। खाद समय पर उपलब्ध करवाना सरकार की जिम्मेदारी है। सरकार के नुमाइंदे सरकार की वाहवाही करने में लगे हुए हैं। किसानों के दुख-दर्द से इनको कोई लेना-देना नहीं है।
-मलकीत सिंह, जिला प्रधान किसान यूनियन।