शुक्रवार की रात राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 72 नारायणगढ़-कालाअंब पर स्थित गांव हमीदपुर के निकट एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। दुर्घटना को अंजाम देने के उपरांत कार चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस को दी शिकायत में धीरज निवासी गांव धनौरा ने बताया कि उसका भाई नीरज एक प्लास्टिक की फैक्टरी में काम करता था। नीरज फैक्टरी में छुट्टी होने के बाद शुक्रवार की रात लगभग साढ़े आठ मोटरसाइकिल पर गांव धनौरा की ओर आ रहा था। वह कार में उसकी मोटरसाइकिल के पीछे चल रहा था। उसका भाई गांव हमीदपुर के निकट पहुंचा, तभी नारायणगढ़ की ओर से आई एक तेज रफतार कार ने उसे चपेट में ले लिया। आरोपी कार चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया। उसने भाई को राहगीरों की मदद से नारायणगढ़ के सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसने कार का नंबर नोट कर लिया है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।