अंबाला। ऋषिकेश से श्रीमाता वैष्णो देवी कटड़ा जा रही हेमकुंड एक्सप्रेस में अवैध तरीके से सामान बेच रहे एक व्यक्ति को जीआरपी ने गिरफ्तार किया। व्यक्ति की पहचान कृष्ण निवासी मेरठ के तौर पर हुई। जीआरपी थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है।
जीआरपी प्रभारी विलायती राम ने बताया कि ट्रेनों में अवैध वेंडिंग की सूचना मिली थी। कार्रवाई के लिए एसआई धर्मवीर सिंह को मौके पर भेजा गया। धर्मवीर ने बताया कि रविवार रात लगभग 9.15 बजे ट्रेन नंबर 04609 प्लेटफॉर्म नंबर 3/4 पर आई। कोच न. एस-7 की अगली खिड़की पर एक व्यक्ति हाथ में एक बाल्टी लेकर खड़ा था जो ट्रेन में चढ़ने व उतरने वाले यात्रियों के लिए परेशानी खड़ी कर रहा था। उसने बिना किसी की परवाह किए कोच में पानी बेचना शुरू कर दिया। जब उसे पकड़कर पूछताछ की गई तो वह ट्रेन में सामान बेचने को लेकर कोई भी आदेश नहीं दिखा सका। उसके कब्जे से रेल नीर की जगह दूसरे ब्रांड की 14 बोतलें जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।