मुलाना। मुलाना क्षेत्र में मंगलवार शाम को तेज बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि हुई। ओलावृष्टि करीब 20 मिनट हुई। शाम करीब साढ़े पांच बजे मुलाना में काले बादल छाए व तेज बारिश शुरू हुई। बरसात शुरू होने के पांच मिनट बाद ही भारी ओलावृष्टि शुरू हो गई। मुलाना के बाजार की सड़क पर ओलावृष्टि के कारण सफेद चादर बिछ गई। मुलाना सहित टंगैल, गोकलगढ़, झाडुमाजरा, खेड़ा, सिरसगढ़, रोलाहेड़ी, रामगढ़ में ओलावृष्टि हुई है। अन्य गांवों की अपेक्षाकृत मुलाना में भारी ओलावृष्टि हुई।
ओलावृष्टि शुरू होते ही किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें उभर आई। किसान महिंद्र, रामपाल, बंसी लाल, मोहन लाल के अनुसार सब्जियों की फसल को काफी नुकसान होगा। साथ ही मूंग, पककर तैयार खड़ी मक्की, प्याज के बीज, अजवाइन, सूरजमुखी सहित अन्य फसलों को नुकसान हो सकता है। किसानों ने बताया कि बारिश के साथ चली तेज हवा से गन्ने, सूरजमुखी व मक्की फसल बिछने से भी नुकसान होगा। साथ ही अभी हाल ही में लगी धान की पौध को भी नुकसान होना संभव है।
सूरजमुखी की फसल को होगा नुकसान
बराड़ा बीटीएम ललित शर्मा ने बताया कि मंगलवार को हुई ओलावृष्टि मूंग व सब्जी की फसलों के लिए नुकसानदेह है। इसके अलावा तैयार मक्की की फसल, धान की पौध को नुकसान की संभावना है। यदि बरसात के बाद तेज हवा चलती है तो सूरजमुखी की फसल को भी नुकसान होगा।