अंबाला। जिले में कोरोना का कहर अभी थमता नजर नहीं आ रहा है। शुक्रवार को कोरोना ने जिले में दो लोगों की जान ले ली। अब तक कोरोना से जिले में 497 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि शुक्रवार को 21 नए केस आए और 37 संक्रमित मरीज कोरोना से मुक्त भी हो गए। अब तक जिले में 29862 लोगों सैंपल संक्रमित मिल चुके हैं। कुल 4 लाख 30 हजार 924 सैंपल लिए जा चुके हैं। वहीं 5611 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका जिलेभर में लगाया गया हालांकि यह संख्या वीरवार के मुकाबले करीब आधी रही।
जिले में इस समय करीब 60 मरीज विभिन्न अस्पतालों में कोरोना से जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। इनमें से करीब 42 मरीज सरकारी अस्पतालों में ऑक्सीजन और 6 मरीज वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। वर्तमान में 228 मरीज होम आइसोलेट और करीब 281 केस एक्टिव हैं। जिले में इस समय कोरोना की कुल संक्रमण दर गिरकर 6.98 प्रतिशत रह गई है जबकि मृत्यु दर बढ़कर 1.64 प्रतिश पहुंच चुकी है। वर्तमान में 2507 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है और 29084 को अभी तक डिस्चार्ज किया जा चुका है। शुक्रवार को अंबाला शहर एरिया से पांच, कैंट से दो, चौड़मस्तपुर और मुलाना से तीन-तीन, शहजादपुर से सात और बराड़ा से एक नया केस सामने आए। एक दिन में संक्रमण की बात करें तो शुक्रवार को मात्र 0.82 प्रतिशत केस ही संक्रमित मिले। जून महीने में अभी तक 17 लोगों की जान कोरोना से जा चुकी है जबकि 422 केस संक्रमित मिले हैं।
जिले में अब तक 4 लाख 62676 लोगों को लग चुका टीका
जिले में अब तक 4 लाख 62 हजार 676 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लग चुका है। इनमें से 3 लाख 34 हजार 927 को पहला और 1 लाख 7 हजार 749 को दोनों टीके लग चुके हैं। शुक्रवार को 862 फ्रंटलाइन वर्कर को पहला और 292 को दूसरा, 91 हेल्थ वर्कर को दूसरा, 18 से 44 आयुवर्ग में 2816 को पहला और 301 को दूसरा , 45 से 60 आयुवर्ग में 385 को पहला और 458 को दूसरा, 60 से अधिक आयुवर्ग में 158 को पहला और 248 को दूसरा टीका लगा।