अंबाला। राय मार्केट में चोरों ने सेंधमारी कर कपड़े की दुकान के गल्ले में पड़े करीब 80 हजार रुपये पार कर दिए। गनीमत रही कि पास स्थित एचडीएफसी बैंक का एटीएम बच गया। हालांकि एटीएम बूथ की दीवार को भी उन्होंने तोड़ दिया था। घटना शुक्रवार तड़के की है।
शुक्रवार सुबह कपड़े की दुकान के मालिक रोहित ने जैसे ही शटर उठाया तो उनके होश उड़ गए। दुकान की दीवार पीछे व साइड से टूटी थी। उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। दुकान के मालिक कुम्हार मंडी निवासी रोहित ने बताया कि गल्ले में किसी को देने के लिए करीब 80 हजार रुपये की पेमेंट पड़ी थी, वो चोर ले गए। पुलिस ने एटीएम मशीन को देखा। वह पूरी तरह से सुरक्षित थी। इस पर पुलिस ने राहत की सांस ली। सुरक्षा एजेंसियों ने भी मौके का मुआयना कर सेंध मारी करने वालों की तलाश शुरू कर दी है।
महज ढाई फीट की दीवार तोड़ने पर घुसे थे चोर
पुलिस व दुकानदारों ने जब चोरों के भीतर घुसने की जगह देखी तो वह भी हैरान थे। एटीएम के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए चारों ने दीवार तोड़ी। कपड़े की दुकान के ठीक पीछे महज ढाई फीट तोड़फोड़ कर ईंटे निकाली गई थी। इस जगह में केवल व्यक्ति लेट कर ही भीतर दाखिल हो सकता था। चौंकाने वाली बात यह थी कि जिस समय एटीएम की दीवार तोड़ी गई उस समय एटीएम का सायरन तक नहीं बजा। वहीं पुलिस के आते ही सायरन बजने लगा।
एटीएम की दीवार तो टूटी है लेकिन मशीन पूरी तरह से सुरक्षित है। हमारे पास अभी तक कोई शिकायत नहीं आई है फिर भी हम अपने स्तर पर सेंधमारी करने वालों की तलाश कर रहे हैं। विजय, थाना प्रभारी अंबाला कैंट