अंबाला कैंट बस स्टैंड के पास बुधवार को बाइक हटाने के लिए रोडवेज बस चालक और युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई।
बताया जाता है कि बस चालक ने बस निकालने के लिए सड़क के बीच खड़ी मोटरसाइकिल को हटाने के लिए युवकों से कहा था, जिस पर यह भड़क गए और चालक को पीट दिया।
जानकारी के अनुसार बस चालक रोडवेज की कालका डिपो की बस को लेकर अंबाला पहुंचा था। यहां से उसे वापस कालका जाना था।
इस दौरान वह बस स्टैंड से बस निकाल रहा तो कुछ युवक बाइक बीच रास्ते में खड़ी कर बात कर रहे थे। इस पर उसने इन युवकों से बाइक रास्ते से हटाने को कहा।
बस इसी बात पर युवकों और बस चालक में बहसबाजी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इन युवकों ने आव देखा न ताव। सीधे ही तीन-चार युवक बस में घुस गए और बस चालक की धुनाई कर दी। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने चालक को छुड़ाया। इसके बाद बस चालक ने पुलिस कंट्रोल को फोन किया।
मौके पर पहुंची पीसीआर दोनों पक्षों को कैंट की लालकुर्ती चौकी ले गई, जहां पर दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाए। एक युवक ने कहा कि बस चालक ने उसके अंगुठे को चबाने का प्रयास किया। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के राजीनामा हो गया।