कोरोना के सक्रिय मरीजों में लगातार इजाफा होता जा रहा है। जिले में इस समय 50 मरीज सक्रिय हैं। वीरवार को भी जिला में नौ नए संक्रमितों की पुष्टि हुई है। वहीं छह मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। इसके बाद जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 30 हजार 211 हो गई है। इनमें से 29 हजार 652 मरीज कोरोना से ठीक हुए हैं। वहीं अभी तक कोरोना के कारण 509 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।
वीरवार को मिले संक्रमित मरीजों में चार अंबाला सिटी, एक अंबाला कैंट, तीन शहजादपुर और एक नारायणगढ़ से शामिल हैं। राहत की बात यह है कि अभी तक जिले ओमिक्रॉन का कोई मामला सामने नहीं आया है। लगातार संक्रमित मिल रहे बच्चों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्कूलों में शिविर लगाकर सैंपल लेने का कार्य किया जा रहा है। विभाग की ओर से अभी तक 7 लाख 39 हजार 64 सैंपल लिए गए हैं। इनमें 6 लाख 55 हजार 199 सैंपल एनटीपीसीआर तो 81 हजार 315 सैंपल एंटिजन किट से लिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग को अभी 2 हजार 313 सैंपल के रिपोर्ट आने का इंतजार है। दूसरी ओर, विभाग की ओर से टीकाकरण का अभियान भी तेजी से चलाया जा रहा है। वहीं तीन जनवरी से 15 से 18 साल के युवाओं को लगने वाली वैक्सीन को लेकर भी स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुटा हुआ है। विभाग की ओर से अभी तक 17 लाख 92 हजार 65 डोज लगाई गई हैं। इनमें से 9 लाख 20 हजार 551 लोगों को पहली तो 8 लाख 71 हजार 514 दूसरी डोज शामिल हैं। सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि कोरोना से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए उनकी ओर से अभियान चलाया जा रहा है।