अंबाला। वरिष्ठ औषधि नियंत्रक अधिकारी व उनकी टीम ने बिना डॉक्टर की पर्ची के ऑनलाइन एमटीपी किट (गर्भपात किट) बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। टीम ने एक बोगस ग्राहक तैयार किया। जिसने वेबसाइट के जरिए चार एमटीपी किट ऑर्डर की। जब ऑर्डर आया तो मामले का खुलासा हुआ। इस संदर्भ में अंबाला के महेश नगर थाने में ड्रग कंट्रोल ऑफिसर रजनीश कुमार धानीवाल ने शिकायत दी है। पुलिस ने मिशो ऑनलाइन पोर्टल, ट्रेडर सिटयूटेडिड, न्यू लॉयन अस्पताल व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार मिशो ऑनलाइन पोर्टल पर कपड़ों व अन्य वस्तुओं की आड़ में एमटीपी किट भी बेची जा रही थी। विभाग के बोगस ग्राहक ने इसी वेबसाइट के जरिए 14 अप्रैल को चार एमटीपी किट का ऑर्डर किया। 18 अप्रैल को ऑर्डर आया तो संबंधित पार्सल को विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में वीडियोग्राफी करवाकर खोला गया। जिसमें चार एमटीपी किट देखकर विभाग के होश उड़ गए।
हमें सूचना मिली थी कि गर्भपात की किट को अवैध रूप से ऑनलाइन बेचा जा रहा है। बोगस ग्राहक के जरिए ऑर्डर किया और इस मामले से पर्दा उठा। पूरे मामले में गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को जानकारी दी गई थी। पुलिस को शिकायत देकर मामला दर्ज करवाया है।
-सुनील दहिया, वरिष्ठ औषधि नियंत्रक अधिकारी, अंबाला
ड्रग कंट्रोलर की तरफ से दी गई शिकायत के बाद मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी।
-सुरेश दलाल, थाना प्रभारी, महेश नगर