साहलेपुर गांव निवासी एक किसान को ठगों ने बढ़िया चावलों के नाम पर 40 हजार का चूना लगा दिया। किसान ने जब घर जाकर चावल खोलकर देखे तो उसमें घटिया किस्म के मोटे चावल थे। कुछ देर बाद जब किसान उसी सड़क पर खड़ा था तो एक और गाड़ी में सवार ठग चावल बेचने पहुंचे तो उसने मुलाना पुलिस को सूचित कर बुला लिया। पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
साहलेपुर निवासी धर्मबीर ने बताया कि मंगलवार सुबह वह गांव के बाहर सड़क किनारे एक इंटरलॉकिंग टाईलों की फ़ैक्टरी के पास खड़ा था। तभी एक मार्शल गाड़ी आकर रुकी। उसमें सवार तीन युवकों में से एक ने कहा कि वो 1121 के चावल कम दामों पर दे रहे हैं। उन्होंने चावल दिखाए तो गुणवत्ता उच्च दर्जे की थी। धर्मबीर ने 8 क्विंटल चावल 40 हजार रुपये में खरीद लिए। लेकिन घर जाकर देखा तो सभी 16 कट्टों में घटिया किस्म के मोटे चावल निकले।
ठगी के दो घंटे बाद धर्मबीर फिर गांव के बाहर खड़ा था तभी एक और पंजाब नंबर की मार्शल गाड़ी आकर धर्मबीर के पास रुकी व गाड़ी में सवार युवक ने पहले की तरह 1121 किस्म के चावल सस्ते दामों पर देने की बात कही। धर्मबीर ने इस बार उन्हें अपनी बातों में उलझाए रखा व उन्हें पता लगे बिना मुलाना पुलिस को संपर्क किया। मुलाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उक्त आरोपी युवकों को गाड़ी सहित काबू किया। उक्त गाड़ी सवार युवकों ने कबूल किया है कि पहले वाले सदस्य भी उनके साथी हैं।
ड्यूटी ऑफिसर प्रमोद कुमार :
मामले की शिकायत मिली है, फिलहाल जांच जारी है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।