- रेलवे ने लंबी प्रतीक्षा सूची को देखते हुए बिहार और जम्मू के बीच आवागमन करने वालों को दी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। यात्रियों की भीड़ और लंबी प्रतीक्षा सूची को देखते हुए रेलवे ने ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ने का फैसला लिया है। ये कोच 13 और 14 अप्रैल को विभिन्न मार्गों पर चलने वाली पांच प्रमुख ट्रेनों में जुड़ेंगे। इस फैसले से विशेष रूप से बिहार और जम्मू जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
रेलवे की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, हावड़ा-रक्सौल मिथिला एक्सप्रेस और कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों में स्लीपर क्लास के अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। 13 अप्रैल को ट्रेन नंबर 13021 हावड़ा-रक्सौल एक्सप्रेस में 1 स्लीपर कोच, 13151 कोलकाता-जम्मूतवी में 1 स्लीपर कोच, 13105 सियालदह-बलिया एक्सप्रेस में 2 स्लीपर कोच, 13141 सियालदह-न्यू अलीपुरद्वार में 1 स्लीपर कोच, 13185 सियालदह-जयनगर गंगा सागर एक्सप्रेस में 1 स्लीपर कोच लगाया जाएगा। इसी प्रकार 14 अप्रैल को भी हावड़ा-रक्सौल, कोलकाता-जम्मूतवी, सियालदह-जयनगर और सियालदह-बलिया एक्सप्रेस में एक-एक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ा जाएगा।
कंफर्म टिकट की बढ़ेगी संभावना
कोच जुड़ने के बाद ही फाइनल चार्ट तैयार किया जाएगा। इससे उन यात्रियों के टिकट कंफर्म होने की उम्मीद बढ़ गई है जो पिछले काफी समय से वेटिंग लिस्ट में थे। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि इन कोचों की वापसी यात्रा में भी उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि दोनों दिशाओं से आने-जाने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिल सके।
वर्जन
भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। यात्रियों की सुविधा हमारी प्राथमिकता है और आवश्यकतानुसार अन्य ट्रेनों में भी फेरबदल किया जा सकता है।
- हिमांशु शेखर, प्रवक्ता, उत्तर रेलवे